देहरादून में भीषण सड़क हादसा: HRTC की बस खाई में गिरी, 3 की मौत, कई घायल
— A BHARAT NEWS10
देहरादून।
देहरादून जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में लगभग तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर पहुंची, उसी दौरान दूसरे वाहन को पास करते समय चालक बस को सड़क के किनारे अधिक बाहर ले गया। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में शामिल बस का नंबर HP66 A 2588 बताया गया है। बस चालक का नाम दिनेश शर्मा और कंडक्टर का नाम जगदीश चंद है।
फिलहाल पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
👉 ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहें — A BHARAT NEWS10 | सबसे पहले आपकी आवाज

