हरिद्वार : CNG से भरे दो वाहनों की टक्कर के बाद बड़ा हादसा टला
हरिद्वार। होली पर्व के दौरान जहां एक ओर जिलेभर में उत्सव का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर हरिद्वार पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले रही। इसी सतर्कता के चलते खानपुर क्षेत्र में एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खानपुर क्षेत्र में CNG से भरे दो वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक वाहन से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति अत्यंत गंभीर बन गई और बड़े विस्फोट की आशंका उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही SSP हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लगभग 200 मीटर पहले ही यातायात रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र को एहतियातन खाली कराकर सुरक्षित घेरा बना लिया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और CNG विशेषज्ञों को तत्काल मौके पर बुलाया। संयुक्त प्रयासों से गैस रिसाव को नियंत्रित किया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
इस दौरान दोनों घायल चालकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर तुरंत चिकित्सालय भिजवाया गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को पुनः सुचारू किया गया।
हरिद्वार पुलिस की सतर्कता, समर्पण और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को टालते हुए जनहानि को रोका। होली जैसे संवेदनशील पर्व पर भी पुलिस की मुस्तैदी ने यह साबित किया कि सुरक्षा के प्रति उनका संकल्प अटूट है।

