हरिद्वार | A BHARAT NEWS10
भारतीय किसान यूनियन (बेदी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी के नेतृत्व में जिला हरिद्वार के बढ़ेड़ी राजपूताना स्थित प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों से जुड़ी बिजली, पानी सहित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी ने कहा कि अब उत्तराखंड सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ चुका है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नमीर अहमद ने संगठन को उत्तराखंड में और अधिक मजबूत करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और संगठन के विस्तार के लिए लगातार काम किया जाएगा। इसी क्रम में संगठन में सैकड़ों नई नियुक्तियां भी की गईं।
बैठक में बिजली विभाग को लेकर भी नाराजगी देखने को मिली। किसानों ने बिजली से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए कहा कि बहुत जल्द बिजली घर का घेराव किया जाएगा। वहीं बढ़ेड़ी राजपूताना क्षेत्र में लगातार बनी रहने वाली पानी की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर मो. आलिम को भारतीय किसान यूनियन (बेदी) का नवनियुक्त जिला अध्यक्ष, हरिद्वार घोषित किया गया। मो. आलिम ने कहा कि वे किसानों के उत्पीड़न को कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे और किसानों के अधिकारों के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेंगे।

