सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा: हरिद्वार पुलिस की सशक्त मुहिम
हरिद्वार।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस द्वारा “मिशन सेफ हरिद्वार” के तहत एक सशक्त और व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का मुख्य संदेश है—संकल्प सावधानी ही बचाव।
हरिद्वार पुलिस का यह बड़ा अभियान अब शहर के हर कदम को सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। अभियान के तहत न केवल यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है, बल्कि आम नागरिकों, संस्थानों और कर्मचारियों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में ITC के कर्मचारियों ने भी सुरक्षित सफर का संकल्प लिया। कर्मचारियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और ट्रैफिक नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है, इसलिए सावधानी ही जीवन रक्षा का सबसे मजबूत हथियार है।
हरिद्वार पुलिस का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से ही यह मिशन सफल हो सकता है। पुलिस और जनता का हाथ मिलकर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
“मिशन सेफ हरिद्वार” के माध्यम से पुलिस लगातार स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि हर नागरिक सुरक्षित यातायात का हिस्सा बने।
हरिद्वार पुलिस की यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा को मजबूत कर रही है, बल्कि समाज में जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दे रही है।

