उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू
31 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) ने जनवरी 2026 शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 31 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है।
विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर, प्रमाणपत्र एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय का आधिकारिक पोर्टल https://online.uou.ac.in उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पूर्व विश्वविद्यालय का प्रास्पेक्टस ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है, जिससे पाठ्यक्रम, पात्रता, शुल्क संरचना एवं अन्य दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि सभी नए छात्रों के लिए ABCD-ID (Academic Bank of Credit ID) एवं DEB-ID (Distance Education Bureau ID) प्रदान करना अनिवार्य है। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा गलत या अपूर्ण जानकारी दी जाती है, तो यूजीसी-डीईबी द्वारा प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।
डॉ. बनकोटी ने सभी अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने एवं आवश्यक दस्तावेजों को सही व स्पष्ट रूप से अपलोड करने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

