ऑनलाइन आया शादी का कार्ड, खोलते ही लाखों उड़े भगवानपुर व कलियर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले, मुकदमे दर्ज

Listen to this article

ऑनलाइन आया शादी का कार्ड, खोलते ही लाखों उड़े

भगवानपुर व कलियर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले, मुकदमे दर्ज

भगवानपुर (हरिद्वार):

ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। भगवानपुर थाना क्षेत्र के पुहाना गांव में साइबर ठगों ने एक ग्रामीण को शादी का ऑनलाइन कार्ड भेजकर उसके खाते से 1 लाख 47 हजार 500 रुपये की रकम उड़ा ली। खाते से पैसे निकलने का मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई।

पुहाना गांव निवासी इजारुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके व्हाट्सएप पर शादी का एक ऑनलाइन कार्ड आया था। कार्ड किसी रिश्तेदार की ओर से भेजा गया समझकर उसने जैसे ही फाइल खोली, उसके बैंक खाते से रकम निकल गई। बाद में बैंक जाकर जांच कराने पर पता चला कि रकम किसी अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई है।

भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित के मोबाइल नंबर को चिह्नित कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बिना ओटीपी और लिंक के किसान के खाते से निकले 1.54 लाख

कलियर क्षेत्र में सामने आया चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड

कलियर:

कलियर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोहलपुर गांव निवासी एक किसान के बैंक खाते से 1 लाख 54 हजार रुपये की रकम निकल गई, जबकि न तो उसने कोई ओटीपी साझा किया और न ही उसके पास कोई संदिग्ध लिंक आया।

पीड़ित राम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक, कलियर शाखा में खाता है। वह 7 जनवरी को पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचे, तभी उन्हें खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि 29 नवंबर से 26 दिसंबर 2025 के बीच 12 बार में खाते से रकम निकाली गई।

कलियर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिना ओटीपी और लिंक के इतनी बड़ी रकम कैसे निकाली गई।

⚠️ पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, फाइल या ऑनलाइन कार्ड को खोलने से पहले सतर्क रहें और साइबर ठगी की किसी भी घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

A BHARAT NEWS10  सबसे पहले आपकी आवाज

Related posts

Leave a Comment