राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी ने पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीजेपी, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को सौंपा किसान समस्याओं को लेकर ज्ञापन
लखनऊ/उत्तर प्रदेश:

भारतीय किसान यूनियन (बेदी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बेदी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात कर किसानों से जुड़ी विभिन्न गंभीर समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में प्रदेश में बढ़ती नशा तस्करी, गौ हत्या, गन्ने के उचित मूल्य सहित किसानों से संबंधित कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
राहुल बेदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नशा तस्करों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों के परिवार और युवा वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही गौ हत्या की घटनाएं किसानों की आस्था और ग्रामीण शांति के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं, जिस पर सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में गन्ना किसानों की समस्याओं को उठाते हुए राहुल बेदी ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर ₹500 प्रति क्विंटल किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान दरों में किसान अपनी लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे वे आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं।
इसके अलावा बिजली, खाद-बीज की बढ़ती कीमतें, बकाया भुगतान, कानून-व्यवस्था और किसानों की सुरक्षा जैसे मुद्दे भी ज्ञापन में शामिल रहे।
पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ज्ञापन को गंभीरता से सुना और किसान हित से जुड़ी सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ही समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (बेदी) के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राव इम्तियाज़ पुंडीर व कई पदाधिकारी एवं किसान प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
