सहारनपुर: सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़, शातिर हिस्ट्रीशीटर गौकश गिरफ्तार
फतेहपुर पुलिस और गौकश का आमना-सामना, हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र में कल देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। थानाध्यक्ष विनय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम कलसिया रोड से ग्राम भटपुरा जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहन/व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुजफ्फराबाद की ओर से आ रहे दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया गया।
पुलिस के अनुसार, रुकने के बजाय बाइक सवारों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम भटपुरा की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने मोटरसाइकिल को बाग के रास्ते में मोड़ दिया, जहां फिसलकर बाइक गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में सूक्ष्म फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान मुस्तकीम पुत्र शकील निवासी ग्राम दतौली मुगल, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। वह थाना फतेहपुर का हिस्ट्रीशीटर (एचएस) बताया जा रहा है। उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए कांबिंग अभियान जारी है।
बरामद सामान:
01 तमंचा .315 बोर
01 खोखा कारतूस (नाल में फंसा हुआ)
02 जिंदा कारतूस .315 बोर
गोकशी के उपकरण
01 मोटरसाइकिल स्प्लेंडर
पुलिस के मुताबिक, मुस्तकीम एक शातिर पशु चोर और गौकशी में लिप्त अपराधी है। उसके खिलाफ थाना फतेहपुर समेत जनपद के विभिन्न थानों में पशु चोरी और गौकशी के कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
