रामनगर (नैनीताल):
उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् (यूबीएसई), रामनगर द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं के कार्यक्रम को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। 06 जनवरी 2026 को परिषद् कार्यालय, रामनगर (नैनीताल) में सभापति की अध्यक्षता में आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की सैद्धान्तिक परीक्षाएं 21 फरवरी 2026 से प्रारम्भ होकर 20 मार्च 2026 तक सम्पन्न होंगी। वहीं, प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 के मध्य आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में परिषद् के सभापति डॉ. मुकुल कुमार सती, सचिव श्री विनोद प्रसाद सिमल्टी सहित परीक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा कार्यक्रम को समयबद्ध और सुचारु रूप से सम्पन्न कराने पर जोर दिया गया।
परिषद् के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि परीक्षा कार्यक्रम की प्रति प्रमुख समाचार पत्रों—दैनिक जागरण, अमर उजाला, हिन्दुस्तान, उत्तर उजाला, पंजाब केसरी, राष्ट्रीय सहारा, नवभारत टाइम्स एवं द पायनियर—को प्रेषित की गई है, ताकि छात्र-छात्राओं के हित में इसे उत्तराखण्ड संस्करण में निःशुल्क प्रकाशित किया जा सके।
परीक्षा तिथियों की घोषणा के साथ ही राज्यभर के लाखों छात्र-छात्राओं ने अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। परिषद् द्वारा जल्द ही विस्तृत विषयवार परीक्षा कार्यक्रम भी जारी किए जाने की संभावना है।

